गृह और सहकारिता मंत्री छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ के 84वें स्थापना दिवस परेड समारोह में मुख्य अतिथि होंगे
रायपुर : गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ में बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ के 84वें स्थापना दिवस परेड समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
यह आयोजन जगदलपुर के निकट करनपुर स्थित केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल परिसर में हो रहा है। शाह परेड का निरीक्षण करेंगे और सीआरपीएफ कर्मियों को वीरता पदक प्रदान करेंगे। वे सर्वश्रेष्ठ केंद्रों को विभिन्न श्रेणियों के लिए ट्रॉफियां भी प्रदान करेंगे। यह दूसरा मौक़ा है, जब सीआरपीएफ की परेड दिल्ली स्थित मुख्यालय से बाहर हो रही है।
गृहमंत्री आकाशवाणी से हल्बी बोली में प्रसारित होने वाले साप्ताहिक समाचार बुलेटिन का वर्चुअली शुभारंभ करेंगे। 15 मिनट का यह बुलेटिन आकाशवाणी के जगदलपुर केन्द्र से प्रत्येक रविवार को प्रात: 7.30 बजे सुना जा सकेगा।
