प्रधानमंत्री वाराणसी में विश्‍व तपेदिक सम्‍मेलन को संबोधित करेंगे और 17 सौ करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे

नई दिल्ली :  प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी जाएंगे। वे आज सुबह रूद्राक्ष कनवेंशन सेंटर में एक विश्‍व तपेदिक सम्‍मेलन -वन वर्ल्‍ड टीबी सम्‍मेलन को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री दोपहर में संपूर्णानंद संस्‍कृत विश्‍वविद्यालय परिसर में एक हजार सात सौ अस्‍सी करोड रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसमें वाराणसी कैंट स्‍टेशन से गोदौलिया तक यात्री रोपवे परियोजना शामिल है। लगभग चार किलोमीटर की रोपवे प्रणाली में चार स्‍टेशन होंगे और इससे पर्यटकों, तीर्थ यात्रि‍यों और वाराणसी के निवासियों का आवागमन आसान हो जाएगा।

प्रधानमंत्री ईसारवर गांव सेवापुरी में एलपीजी बोटलिंग संयंत्र की आधारशिला भी रखेंगे। इसका निर्माण हिन्‍दुस्‍तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड करेगा। मोदी कई परियोजनाओं का उद्धाटन करेंगे। इनमें जल उत्‍पादन परिसर भेलूपुर में दो मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना, कोनिया पंपिंग स्‍टेशन पर आठ सौ किलोवाट की सौर ऊर्जा परियोजना, सारनाथ में नए सामुदायिक केन्‍द्र का निर्माण, चांदपुर में औद्योगिक केन्‍द्र में सुधार, केदारेश्‍वर, विश्‍वेश्‍वर मंदिरों और ओंकारेश्‍वर खण्‍ड परिक्रमा मार्ग का पुनरूद्धार शामिल हैं।