संसद में गतिरोध दूर करने के लिए राज्यसभा के सभापति ने आज सदन में राजनीतिक दलों की बैठक बुलाई

नई दिल्ली : राज्‍यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने संसद में गतिरोध समाप्‍त करने की कोशिश में आज सवेरे 10 बजे राज्‍यसभा में विभिन्‍न राजनीतिक दलों के सदन के नेताओं की बैठक बुलाई है।

लोकतंत्र पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्‍पणी और अन्‍य मुद्दों को लेकर संसद के दोनों सदनों में लगातार शोर-शराबा और हंगामा बना हुआ है। राज्‍यसभा के सभापति ने मंगलवार को भी विभिन्‍न पार्टियों के सदन के नेताओं की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में उन्‍होंने कहा कि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देना सदस्‍यों की प्राथमिक जिम्‍मेदारी है और यही लोकतंत्र का सार और लोगों की अपेक्षा है। धनखड़ ने कहा कि सदन सहयोग के साथ चर्चा और बहस के लिए है न कि टकराव और गतिरोध के लिए।

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने भी सदन में गतिरोध समाप्‍त करने के लिए सदन के नेताओं के साथ बैठक की। उन्‍होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के सहयोग से सदन को चलाना ही प्राथमिकता है। बिरला ने कहा कि हम सब को सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए ध्‍यान देना चाहिए और विधायी काम-काज अवश्‍य होना चाहिए।