बेंगलुरू में आज से एशिया का सबसे बड़ा एयरो शो होगा शुरू, प्रधानमंत्री मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
इस बार विशाल और भव्य होगी एयरो इंडिया प्रदर्शनी, कई देशों के रक्षा मंत्री भी रहेंगे मौजूद
नई दिल्ली: कर्नाटक में एशिया का सबसे बड़ा एयरो शो शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाने जा रहे हैं। मेक इन इंडिया और मेक फॉर वर्ल्ड के उदेश्य को पूरा करने के लिए ये कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पांच दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में भारत की रक्षा क्षमता प्रमुखता से दिखाई जाएगी। कुल 29 देशों के एयर चीफ, 73 CEO भी दस्तक देने जा रहे हैं।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि एयरो इंडिया प्रदर्शनी का चौदहवां संस्करण बहुत विशाल और भव्य होगा, जिसमें विभिन्न देश, रक्षामंत्री, मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रदर्शकों की व्यापक स्तर पर भागीदारी होगी।
आज से बेंगलुरू में शुरू होने वाली एयरो इंडिया प्रदर्शनी पांच दिन तक चलेगी और इसकी मुख्य विषयवस्तु रनवे टू ए बिलियन अपोर्च्युनिटीज है। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे।
सिंह ने कल बेंगलुरू में एयरो इंडिया के पूर्वावलोकन कार्यक्रम में कहा कि एयरो इंडिया में रक्षा उत्पादन, आत्मनिर्भरता, शोध और विकास तथा नवाचार में भारत की बढ़ती मौजूदगी प्रदर्शित होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय पंडाल विंग्स ऑफ फ्यूचर में स्वदेशी रक्षा उपकरण और लड़ाकू विमान प्रदर्शित किए जाएंगे।
रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन में संयुक्त विकास और निर्यात संभावनाओं पर चर्चा होगी। मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की गोलमेज बैठक-बंधन और मंथन में देश में रक्षा उत्पादन की संभावना पर विचार-विमर्श होगा। सिंह ने कहा कि इस आयोजन से युवाओं को लाभ होगा क्योंकि कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होंगे और निवेश प्रस्ताव स्वीकार किए जाएंगे।
इनसे रोजगार का सृजन होगा। रक्षामंत्री ने कहा कि भारत ने अगले साल तक 25 हजार करोड़ रूपये के रक्षा निर्यात का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि यह संभव है।
