जहां महिलाओं को अवसर मिलते हैं वहां विकास अवश्य होता है’, राष्ट्रपति के संबोधन के साथ यूपी वैश्विक निवेशक सम्मेलन का समापन

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भारत की प्रगति का इंजन बनने की क्षमताएँ और संभावनाएं हैं क्योंकि इसके पास 95 लाख इकाईयों के साथ देश का सबसे बड़ा एमएसएमई क्षेत्र है। इनसे रोजगार के लाखों अवसर सृजित हो सकते हैं। राष्ट्रपति उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक सम्मेलन 2023 के समापन सत्र को संबोधित कर रहीं थी।

राष्ट्रपति ने कहा कि वैश्विक निवेशक सम्मेलन जैसे आयोजन उत्तर प्रदेश को देश में उत्तम निवेश प्रदेश के रूप में स्थापित करेंगे। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन में महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है और जहां महिलाओं को ऐसा सम्मान मिलता है और उन्हें अवसर उपलब्ध होते हैं, वहां विकास अवश्य होता है।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज तक राज्य सरकार को 35 लाख करोड़ रूपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। बाद में श्रीमती मुर्मू एक भोज में शामिल हुईं। यह भोज राष्ट्रपति के सम्मान में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल ने लखनऊ के लोकभवन में दिया।

राष्ट्रपति उत्तर प्रदेश की दो दिन की यात्रा पर हैं। राष्ट्रपति कल लखनऊ में बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर विश्वविद्याल के 10वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। दिल्ली लौटने से पहले वह काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगी और वाराणसी में गंगा आरती में शामिल होंगी।