ट्विटर के लाखों उपयोगकर्ताओं ने एलन मस्‍क को कम्‍पनी के प्रमुख के पद से हटाने के पक्ष में मत दिया

नई दिल्ली: ट्विटर के लाखों उपयोगकर्ताओं ने एलन मस्‍क को कम्‍पनी के प्रमुख के पद से हटाने के पक्ष में मत दिया है। अरबपति एलन मस्‍क की ओर से स्‍वयं इस सिलसिले में मतदान कराया गया था।

मस्‍क ने एक संदेश में ट्विटर के उपयोगकर्ताओं से मतदान करके यह पूछा था कि क्‍या उन्‍हें कम्‍पनी के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी पद पर बने रहना चाहिए। इस पर एक करोड़ 70 लाख से अधिक मत पड़े। इनमें से लगभग 57 दशमलव पांच प्रतिशत उपयोगकर्ताओं ने कहा कि मस्‍क को हट जाना चाहिए, जबकि 42 प्रतिशत लोगों का मानना है कि उन्‍हें ट्विटर का सी.ई.ओ. बने रहना चाहिए।

मस्‍क ने यह भी कहा था कि वे मतदान के परिणाम का पालन करेंगे। हालांकि अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि क्‍या मस्‍क अपना पद छोड़ेंगे या किसी नए व्‍यक्ति को उनके पद पर नियुक्‍त किया जाएगा।

मस्‍क ने इससे पहले एक ट्वीट में यह भी कहा था कि सभी प्रमुख नीतिगत बदलावों को मतदान के माध्‍यम से तय किया जाएगा।