अयोध्‍या में रामलला विराजमान के दर्शन की अवधि बढ़ा दी गई है

नई दिल्ली: उत्‍तर प्रदेश में अयोध्‍या में रामलला विराजमान के दर्शन की अवधि बढ़ा दी गई है। प्राचीन नगरी में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्‍या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

प्रात: दर्शन की अवधि आधे घंटे और संध्‍या दर्शन की अवधि एक घंटे बढ़ाई गयी है। श्रद्धालु अब सुबह सात से ग्‍यारह बजे तक और दिन के दो बजे से शाम सात बजे तक रामलला विराजमान के दर्शन कर सकेंगे।

रामलला विराजमान की दैनिक आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की सीमित संख्‍या को पास जारी किए जाएंगे।

उत्‍तर प्रदेश सरकार ने हाल में दीपावली की पूर्व संध्‍या पर अयोध्‍या में भव्‍य दीपोत्‍सव का आयोजन किया। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इसका शुभारंभ किया। उन्‍होंने अयोध्‍या में राम मंदिर निर्माण की प्रगति की समीक्षा भी की।