रिलायंस जियो ने दिवाली पर भारत में 5-जी सेवाएं शुरू करने के लिए मेटा, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और इंटेल के साथ साझेदारी की

नई दिल्ली :- रिलायंस जियो ने देश के प्रमुख शहरों में दीपावली तक 5जी सेवाएं शुरू करने के लिए मेटा, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और इंटेल जैसे विश्‍व प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनियों के साथ समझौता किया है।

जियो ने मार्क ज़करबर्ग की अगुवाई वाली मेटा के साथ तकनीक और गूगल के साथ किफायती 5जी स्‍मार्ट फोन विकसित करने का समझौता किया है। क्‍लाउड सेवाओं के लिए जियो ने गूगल क्‍लाउड के साथ सहयोग करने का निर्णय लिया है।

जियो ने क्‍लाउड आधारित डेटा केन्‍द्रों के लिए चिप निर्माता कंपनी इंटेल के समझौता किया है। कंपनी के एरिक्‍सन, नोकिया, सैमसंग और सिस्‍को जैसी प्रमुख वैश्विक नेटवर्क प्रौद्योगिकी सेवाएं देने वाली कंपनियों के साथ बेहतर संबंध हैं।

जियो ने भारत में 5जी सेवाओं से जुड़े उपकरणों के स्‍थानीय स्‍तर पर निर्माण के लिए क्‍वालकॉम के साथ समझौता किया है।

मेटा और जियो ने वॉट्स्ऐप के माध्‍यम से खरीददारी करने से जुड़े समझौते की भी घोषणा की गई है। इसमें ग्राहक वॉट्स्ऐप चैट के माध्‍यम से जियो मार्ट से खरीददारी कर सकेंगे।
जियो चार प्रमुख शहरो दिल्‍ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्‍नई में दीपावली तक 5जी सेवाओं की शुरूआत करेगा।

दिसम्‍बर 2023 तक पूरे देश में विभिन्‍न चरणों में अन्‍य शहरों और कस्‍बों तक इनका विस्‍तार किया जाएगा।