जगदीप धनखड़ भारत के 14वें उपराष्ट्रपति बने, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें शपथ दिलाई

नई दिल्ली :- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को पद की शपथ दिलाई। श्री धनखड़ देश के 14वें उपराष्ट्रपति बने हैं।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई केंद्रीय मंत्री राष्ट्रपति भवन में उपस्थित थे।

शपथ ग्रहण से पहले आज सुबह श्री धनखड़ ने राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधी स्मारक पर पुष्प माला चढ़ाई और समाधि को नमन किया।

श्री धनखड़ छह अगस्त को उपराष्ट्रपति चुने गये थे। उन्हें 74 दशमलव तीन छह प्रतिशत मत मिले। उन्होंने विपक्ष की उम्मीदवार मार्ग्रेट अल्वा को हराया।

श्री धनखड़ को 2019 में पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए द्वारा उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार घोषित होने के बाद उन्होंने 17 जुलाई को राज्यपाल के पद से इस्तीफा दे दिया था।