विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन ने मंकीपॉक्स को वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया, दिल्ली में पहला रोगी मिला

नई दिल्ली :- विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मंकीपॉक्स संक्रमण को वैश्विक स्वास्थ्य आपात-स्थिति घोषित किया है। मंकीपॉक्स पर संगठन की आपात समिति की दूसरी बैठक में यह निर्णय लिया गया।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉक्टर टेड्रोस एडानॉम गैब्रेयासिस ने बताया कि 75 देशों में 16 हजार से अधिक लोग मंकीपॉक्स से संक्रमित हो चुके हैं। अब तक पांच लोगों की इससे मौत हुई है।

विश्व में इस समय केवल दो अन्य स्वास्थ्य आपात स्थितियां हैं- पहली कोरोना महामारी और दूसरी पोलियो उन्मूलन के लिए जारी प्रयास।

दिल्‍ली में मंकीपॉक्‍स संक्रमण के पहले रोगी की पुष्टि हुई है। 31 वर्षीय व्यक्ति को बुखार और त्‍वचा संबंधी बीमारी के कारण अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। रोगी की हालत स्थिर है। रोगी की यात्रा का कोई विवरण नहीं है। देश में मंकीपॉक्‍स का यह चौथा मामला है और बिना यात्रा विवरण का पहला मरीज है।