ईडी ने पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी को किया गिरफ्तार
कोलकाता:- प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने कथित शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले, ED के अधिकारियों ने पार्थ चटर्जी से शुक्रवार को रातभर पूछताछ की।
ED के अधिकारियों ने चटर्जी से आवास पर शुक्रवार सुबह 8 बजे से उनसे पूछताछ शुरू की थी, जोकि रात भर चली और आज सुबह उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं इसके साथ ही उनकी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी को भी हिरासत में ले लिया है। पार्थ चटर्जी को गिरफ्तारी के बाद मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा है। पार्थ को कोलकाता में CGO कॉम्प्लेक्स ले जाया जाएगा।
ED ने शुक्रवार को छापेमारी के दौरान कथित शिक्षक भर्ती घोटाले के संबंध में पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी की एक ‘‘करीबी सहयोगी” अर्पिता मुखर्जी के परिसरों पर छापेमारी में 20 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की है।
ईडी ने पश्चिम बंगाल के उद्योग और वाणिज्य मंत्री चटर्जी, उनकी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी, शिक्षा राज्य मंत्री परेश सी अधिकारी, विधायक और पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष माणिक भट्टाचार्य और कई अन्य लोगों के परिसरों में समन्वित तलाशी शुरू की। ईडी ने एक बयान में कहा कि तलाशी के दौरान, ईडी ने पार्थ चटर्जी की करीबी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के आवासीय परिसर से लगभग 20 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की।
ईडी ने एक बयान में आरोप लगाया कि इस धन के स्कूल सेवा आयोग (SSC) घोटाले से जुड़े होने का संदेह है। ईडी ने कहा, अर्पिता मुखर्जी के परिसर से 20 से अधिक मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिसके उद्देश्य और उपयोग का पता लगाया जा रहा है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की प्राथमिकी के आधार पर ईडी ने धन शोधन का मामला दर्ज किया। पूर्व में कलकत्ता हाई कोर्ट ने सीबीआई को समूह ‘C’ और ‘D’ कर्मचारियों, कक्षा 10वीं और 11वीं के सहायक शिक्षकों, प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती में कथित घोटाले की जांच करने का निर्देश दिया था।
