18 से 59 वर्ष के सभी पात्र लोगों को आज से सरकारी केन्द्रों पर कोविड के एहतियाती टीके निशुल्क लगाये जाएंगे
नई दिल्ली :- 75 दिन का कोविड टीकाकरण अमृत महोत्सव आज से शुरू हो रहा है। इस दौरान सरकारी कोविड टीकाकरण केंद्रों पर सभी पात्र लोगों को नि:शुल्क एहतियाती टीके लगाए जाएंगे। इस विशेष अभियान का उद्देश्य 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र लोगों को कोविड टीके की एहतियाती खुराक देने के काम में तेजी लाना है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इस विशेष कोविड टीकाकरण अभियान का आयोजन ‘आजादी का अमृत महोत्सव‘ के अंतर्गत किया जा रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कल राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य सचिवों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक की। उन्होंने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सभी पात्र लाभार्थियों का पूर्ण कोविड टीकाकरण तेज करने की अपील की।
भूषण ने कहा कि यह चिंताजनक है कि 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के केवल आठ प्रतिशत और 60 वर्ष से अधिक आयु के केवल 27 प्रतिशत लोगों ने एहतियाती टीके लगवाए हैं।
राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से 75 दिनों के कोविड टीकाकरण अमृत महोत्सव को ‘जन अभियान’ के रूप में लागू करने का आग्रह किया। उत्तराखंड में चार धाम यात्रा, जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा, उत्तर भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कांवड़ यात्रा के मार्गों के अलावा प्रमुख मेलों और सभाओं में विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित करने की सलाह दी गई है।
