सरकारी कोविड टीकाकरण केंद्रों पर सभी 18 से 59 वर्ष के सभी पात्र लोगों को नि:शुल्क एहतियाती टीके लगाने के लिए 75 दिवसीय कोविड टीकाकरण अमृत महोत्सव कल से शुरू होगा
नई दिल्ली :- सरकारी कोविड टीकाकरण केंद्रों पर सभी पात्र लोगों को नि:शुल्क एहतियाती टीके लागने के लिए 75 दिवसीय कोविड टीकाकरण अमृत महोत्सव कल से शुरू होगा।
विशेष अभियान का उद्देश्य 18 वर्ष से अधिक उम्र के पात्र लोगों को कोविड टीके की एहतियाती खुराक देने के काम में तेजी लाना है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि यह विशेष कोविड टीकाकरण अभियान ‘आजादी का अमृत महोत्सव‘ का एक हिस्सा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने आज राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य सचिवों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक की। उन्होंने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सभी पात्र लाभार्थियों का पूर्ण कोविड टीकाकरण करने की दिशा में प्रयास करने का आग्रह किया।
भूषण ने कहा कि 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के केवल आठ प्रतिशत लोगों और 60 वर्ष से अधिक आयु के केवल 27 प्रतिशत लोगों को एहतियाती टीके लगना चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के वे सभी व्यक्ति एहतियाती खुराक के पात्र हैं जिन्हें दूसरा टीका छह महीने पहले लगा था।
राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से 75 दिनों के कोविड टीकाकरण अमृत महोत्सव को ‘जन अभियान’ के रूप में लागू करने का आग्रह किया। उन्हें उत्तराखंड में चार धाम यात्रा, जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा, उत्तर भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कांवड़ यात्रा के मार्गों के साथ-साथ प्रमुख मेलों और सभाओं में विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित करने की सलाह दी गई है। श्री भूषण ने विद्यालयों और महाविद्यालयों, बड़े कार्यालय परिसरों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, रेलवे स्टेशनों, अंतर-राज्यीय बस अड्डों पर विशेष टीकाकरण शिविर संचालित करने की भी सलाह दी गई है।
