भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हैदराबाद में शुरू

नई दिल्ली :- भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक आज हैदराबाद में शुरू हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और 340 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय बैठक के सभी सत्रों में शामिल होंगे। पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज सवेरे पार्टी पदाधिकारियों की बैठक का उद्घाटन किया।

पार्टी के प्रमुख निर्णय लेने वाले निकाय की दो दिवसीय बैठक में पार्टी को विशेष रूप से दक्षिणी राज्यों में और मजबूत करने की रणनीतियों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। पार्टी नेता वसुंधरा राजे सिंधिया ने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के बारे में चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में तेलंगाना के बारे में एक वक्तव्य भी दिया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने बताया कि हैदराबाद में 18 वर्ष बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हो रही है।

प्रधानमंत्री मोदी सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में कल शाम एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक ने विशेष रूप से कोविड महामारी के दौरान गरीबों के कल्याण के लिए केन्द्र सरकार के अथक प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है। पार्टी की नेता स्मृति ईरानी ने हैदराबाद में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के उद्घाटन सत्र के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपने अध्‍यक्षीय भाषण में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, आवास योजना और देश में महिलाओं के लिए किए गए कल्याणकारी उपायों की सराहना की है।

ईरानी ने कहा कि अध्‍यक्षीय भाषण में पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की गई है, जिन्होंने हाल के चुनावों में पार्टी की जीत के लिए प्रयास किए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केरल, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में चुनौतियों के बावजूद अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

तेलंगाना राष्ट्र समिति द्वारा की गई आलोचना के बारे में ईरानी ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने संवैधानिक गरिमा और मर्यादा को भंग किया है। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री तारक रामाराव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि तेलंगाना राष्ट्र समिति के लिए राजनीति निश्चय ही एक सर्कस है लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता बड़े गर्व के साथ राजनीति को सेवा के रूप में लेते हैं।