प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गोवा मुक्ति दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए पणजी पहुंचे, 650 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे
नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गोवा मुक्ति दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए पणजी पहुंच गए हैं। उन्होंने पणजी के आजाद मैदान में शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मिरामार तट पर फ्लाई पास्ट और सेल परेड में शामिल हुए।
मोदी श्यामाप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में गोवा मुक्ति दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ऑपरेशन विजय के स्वतंत्रता सेनानियों और वरिष्ठ सदस्यों का अभिनंदन करेंगे।
गोवा मुक्ति दिवस भारतीय सशस्त्र सेनाओं द्वारा चलाए गए ऑपरेशन विजय की सफलता के उपलक्ष्य में हर वर्ष 19 दिसंबर को मनाया जाता है। 1961 में गोवा को पुर्तगाली शासन से मुक्त कराया गया था।
प्रधानमंत्री गोवा में छह सौ पचास करोड़ रूपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
