प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादि‍मि‍र पुतिन आज नई दिल्‍ली में भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक में हिस्‍सा लेंगे

नई दिल्ली :- रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन भारत की सरकारी यात्रा पर आज नई दिल्‍ली पहुंच रहे हैं। वे प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ 21वीं भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक में हिस्‍सा लेंगे।

दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति और संभावनाओं की समीक्षा करेंगे और दोनों देशों के बीच कार्यनीतिक भागीदारी और मजबूत बनाने के उपायों पर विचार विमर्श करेंगे। बैठक में क्षेत्रीय, बहुपक्षीय और आपसी हित के अंतर्राष्‍ट्रीय मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा। दोनों नेता व्‍यक्तिगत तौर पर भी बातचीत करेंगे।

भारत और रूस के बीच प्रस्‍तावित विदेश और रक्षामंत्रियों की पहली बैठक से पहले रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ आज सुबह विदेश मंत्री डॉक्‍टर एस जयशंकर के साथ वार्ता करेंगे।

सर्गेई कल रात भारत पहुंचे। दोनों देशों के  रक्षा और विदेश  मंत्रियों की बैठक में राजनाथ सिंह और डॉक्‍टर जयशंकर भारत का प्रतिनिधित्‍व करेंगे। रूस की ओर से वहां के विदेश और रक्षा मंत्री बैठक में हिस्‍सा लेंगे।

भारत और रूस के बीच वार्षिक शिखर बैठक दोनों देशों के बीच कार्यनीतिक भागीदारी के लिए सर्वोच्‍च संस्‍थागत वार्ता मंच है। अभी तक ऐसी बीस शिखर बैठक आयोजित की जा चुकी हैं जो दोनों देशों में बारी-बारी से आयोजित की जाती हैं।