ओमिक्रॉन को देखते हुए इस्राइल, मोरक्को, जापान और दक्षिण कोरिया तथा यूरोपीय देशों ने विदेशी यात्रियों पर रोक लगाई
नई दिल्ली :- कोविड के नए वैरियेंट ओमिक्रॉन को देखते हुए इस्राइल, मोरक्को, जापान, दक्षिण कोरिया ने विदेशी यात्राओ पर रोक लगा दी है। यूरोपीय देशों ने भी विशेष रूप से दक्षिण अफ्रीका से आने वाले यात्रियों के लिए अपनी सीमाएं बंद कर दी हैं।
अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कल कहा कि नया वेरिएंट चिंता का विषय है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वे लॉकडाउन का सहारा न लेकर, वैक्सीन और जांच के जरिये ओमिक्रॉन से निपटने की योजना बृहस्पतिवार को घोषित करेंगे।
इस बीच, विशेषज्ञों का कहना है कि नए वैरिएंट से निपटने के लिए वैक्सीन के प्रयोगशाला परीक्षण में कम से कम दो सप्ताह या उससे अधिक का समय लग सकता है। तभी यह पता लग पाएगा कि वैक्सीन इस वेरिएंट पर कितनी कारगर साबित हो सकती है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी दी है कि वेरिएंट का लगातार बदलता स्वरूप चिंता का विषय है। खबर है कि मॉर्डेना और फाइजर कंपनी जरूरी होने पर अपनी वैक्सीन में बदलाव कर सकते हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के तीन दिन के विशेष अधिवेशन में वैक्सीन का डेटा और प्रौद्योगिकी साझा करने और दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में एक संधि पर विचार-विमर्श जारी है।
इस बीच, ओमिक्रॉंट वैरिएंट को देखते हुए शुक्रवार को शेयर बाजार में गिरावट आई, लेकिन कल बाजार में फिर उछाल आ गया।
