प्रधानमंत्री आज तीसरे पहर औषधि क्षेत्र के पहले वैश्विक नवाचार शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे
नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री आज शाम 4 बजे दवा क्षेत्र के पहले वैश्विक नवाचार शिखर सम्मेलन का वीडियो कॉन्फ्रेंस के ज़रिए उद्घाटन करेंगे। केन्द्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
यह शिखर सम्मेलन एक विशिष्ट पहल है जिसका उद्देश्य दवा उद्योग से जुड़े सरकारी क्षेत्र और उद्योग जगत के प्रमुख भारतीय तथा अंतर्राष्ट्रीय हितधारकों, शिक्षाविदों, निवेशकों और शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाना है।
इस सम्मेलन में दवा उद्योग में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्राथमिकताओं पर चर्चा के साथ-साथ रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
शिखर सम्मेलन में विकास की अपार संभावनाओं वाले भारतीय दवा उद्योग में उपलब्ध अवसरों को भी उजागर किया जाएगा। दो दिन के इस शिखर सम्मेलन में 12 सत्र होंगे और देश विदेश के 40 से भी अधिक वक्ता दवा उद्योग से जुड़े कानूनों, नवाचार के लिए वित्तीय व्यवस्था, उद्योग और शिक्षा जगत में सहयोग तथा नवाचार से जुड़़ी बुनियादी ढांचागत सुविधाओं सहित कई विषयों पर चर्चा करेंगे।
सम्मेलन में देश-विदेश के दवा उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधि, अधिकारी, निवेशक और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जॉन हॉपकिन्स इंस्टीट्यूट, आईआईएम अहमदाबाद और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के शोधकर्ता भाग लेंगे।
