भाई दूज का पावन पर्व आज आस्‍था और हर्षोल्‍लास से मनाया जा रहा है

नई दिल्ली :- भाई दूज का पावन पर्व आज आस्‍था और हर्षोल्‍लास से मनाया जा रहा है। यह प्रत्‍येक वर्ष कार्तिक मास के शुक्‍ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इसे यम द्वितीया भी कहते हैं। इस अवसर पर बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनके दीर्घ जीवन और सुख-समृद्धि की मंगलकामना करती हैं।

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने पावन त्यौहार भाई दूज के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें सशक्त बनाकर सभी क्षेत्रों में बराबर अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लेने की अपील की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाई दूज के पावन अवसर पर लोगों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट संदेश में भाई दूज की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।