राष्‍ट्र आज राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्‍त्री को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि आर्पित कर रहा है

नई दिल्ली :- कृतज्ञ राष्‍ट्र, आज राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी को उनकी 152वीं जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इस अवसर पर देश में और भारतीय दूतावासों द्वारा विदेश में कई कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं।

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में बापू की समाधि राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज सुबह राजघाट पर महात्‍मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किया। लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला, कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी, दिल्ली के मुख्‍यमंत्री केजरीवाल भी श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में शामिल थे।

महात्‍मा गांधी की जयंती अंतरराष्‍ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनायी जाती है।

आज ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 117वीं जयंती है। उनकी स्‍मृति में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज सुबह लाल बहादुर शास्‍त्री के समाधि‍ स्‍थल विजयघाट गये और श्रद्धांजलि अर्पित की।

राष्‍ट्रपति और उपराष्‍ट्रपति ने राष्ट्र पिता महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।

राष्‍ट्रपति राम नाथ कोविंद ने अपने संदेश में कहा कि पूरा विश्व महात्‍मा गांधी का, विशेष रूप से उनके अहिंसा आंदोलन के लिए स्मरण करता है और उनकी जयंती अहिंसा दिवस के रूप में मनायी जाती है। कोविंद ने कहा कि गांधी जी का मानना था कि अहिंसा एक जीवन दर्शन, एक सिद्धांत और एक अनुभव है जिसे समाज की प्रगति का आधार बनाया जा सकता है।

राष्‍ट्रपति कोविंद ने कहा कि गांधी जी ने स्‍वराज प्राप्ति, अस्‍पृश्‍यता और अन्य सामाजिक बुराइयों का अंत करने, किसानों की आर्थिक स्‍थिति में सुधार और महिला सशक्तीकरण के लिए अथक प्रयास किये।

उन्‍होंने कहा कि गांधी जयंती प्रत्‍येक भारतीय के लिए एक विशेष दिवस है और यह गांधी जी के संघर्ष और बलिदानों के स्मरण का अवसर है। यह दिन हमें देश और देशवासियों की समृद्धि और प्रगति के लिए काम करने की प्रेरणा देता है।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने पूरे समर्पण, निष्ठा और सादगी के साथ देश की सेवा की। उनका आचरण और सत्यनिष्ठा सभी नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उपराष्‍ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि महात्‍मा गांधी ने पूरे विश्‍व को अन्‍याय के खिलाफ संघर्ष का एक नया रास्‍ता दिखाया, यह रास्‍ता था सत्‍य और अहिंसा का, जिसका पूरी मानवजाति‍ पर अमिट प्रभाव पडा। नायडू ने कहा कि उनके जीवन और दर्शन से सतत विकास, आत्‍मनिर्भरता, वंचितों के सशक्‍तीकरण और ग्राम स्‍वराज की प्रेरणा मिलती है।

उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि महात्‍मा गांधी का जीवन पूरे राष्ट्र के लिए प्रकाश स्‍तंभ है जो देश की प्रगति का मार्गदर्शन करता रहेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। एक ट्वीट में मोदी ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श आज भी दुनियाभर में प्रासंगिक हैं और लाखों लोगों को शक्ति देते हैं।

मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर भावांजलि दी। मोदी ने कहा कि शास्त्री जी के जीवन मूल्य और सिद्धांत लोगों के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। एक ट्वीट में ठाकुर ने कहा कि बापू के विचारों और मूल्यों को अपनाकर लोग अपने सपनों का भारत बना सकते हैं।