भारत और अमरीका ने स्वास्थ्य और जैव चिकित्सा विज्ञान में सहयोग के दो समझौतों पर हस्ताक्षर किए
नई दिल्ली :- स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने कल भारत द्वारा आयोजित चौथी भारत-अमरीका स्वास्थ्य वार्ता के समापन सत्र को संबोधित किया। दोनों देशों के बीच स्वास्थ्य क्षेत्र में चल रहे कई कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श के लिए दो दिवसीय वार्ता का आयोजन किया गया था।
इस दौरान स्वास्थ्य और जैव चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में सहयोग और अंतरराष्ट्रीय उत्कृष्टता अनुसंधान केन्द्र के साथ सहयोग के बारे में दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर मांडविया ने कहा भारत और अमरीका वैश्विक साझीदार हैं और वैश्विक स्वास्थ्य ढांचे में सुधार के लिए दोनों देशों के आपसी सहयोग से काम करने की आवश्यकता है। हाल ही में कोरोना महामारी के दौरान इस संबंध में कुछ कमियां दिखाई दी है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रचनात्मक सहयोग से न केवल दोनों देशों बल्कि पूरे विश्व में शांति, सद्भाव और विकास का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।
