सरकार ने कहा- अप्रैल से जून की तिमाही के दौरान चयनित नौ क्षेत्रों में कुल अनुमानित रोजगार तीन करोड़ आठ लाख
नई दिल्ली :- केन्द्र सरकार ने कहा कि 2021 की अप्रैल – जून की तिमाही के पहले दौर में चयनित नौ क्षेत्रों में कुल अनुमानित रोजगार तीन करोड़ आठ लाख थे। श्रम और रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने तिमाही रोजगार सर्वेक्षण-क्यूईएस की घोषणा करते हुए बताया कि छठी आर्थिक जनगणना- 2013-14 में इन क्षेत्रों में कुल 2 करोड़ 37 लाख के मुकाबले 29 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि चयनित नौ क्षेत्रों में कुल रोजगार का अनुमान विनिर्माण क्षेत्र में लगभग 41 प्रतिशत, शिक्षा में 22 प्रतिशत और स्वास्थ्य में आठ प्रतिशत रहा।
यादव ने कहा कि व्यापार के साथ-साथ आईटी और बीपीओ में श्रमिकों की कुल अनुमानित संख्या 7 प्रतिशत हैं। शुद्धता और सत्यनिष्ठा के साथ वैज्ञानिक तरीके से एकत्र किए गए डाटा जिसकी पुन: जांच की जा सकती है, उससे सरकारी कार्यक्रमों और योजनाओं के लक्ष्य प्राप्त करने में बहुत लाभकारी होगा।
श्रम मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण और सांख्यिकी-आधारित निष्पादन पर जोर देने से संस्थागत आधारित रोजगार सर्वेक्षणों को बढ़ावा मिलेगा।
