शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केन्द्रीय विश्वविद्यालयों से इस वर्ष अक्तूबर तक छह हज़ार रिक्त पदों को भरने को कहा

नई दिल्ली :- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में छह हजार रिक्त पदों को इस वर्ष अक्तूबर तक भरने के लिए तेज़ी से कार्य करने को कहा है।

प्रधान ने कल वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से केन्द्रीय विश्विद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि हमारे विश्वविद्यालय सृजन, नवाचार और अवसर प्रदान करने के माध्‍यम हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति भारत को उभरती नई विश्‍व व्‍यवस्‍था के शीर्ष पर लाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

प्रधान ने नई शिक्षा नीति के जरिये भारत को ज्ञानशील महाशक्ति के रूप में स्‍थापित करने के लिए समग्र रूप से कार्य करने पर बल दिया। शिक्षा मंत्री ने विश्वविद्यालयों से भारतीय भाषाओं को सीखने के लिये प्रोत्‍साहित करने तथा इसकी सांस्कृतिक विरासत का प्रचार और संवर्धन करने की अपील की।

बैठक के दौरान कुलपतियों से अपने विश्‍वविद्यालयों में खेलों को बढावा देने का भी आग्रह किया गया। इसके अलावा प्रधान ने कुलपतियों से अपने विद्यार्थियों को नवाचार विकसित करने और अपने परिसर में शोध करने के लिए प्रेरित किया।