युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज नई दिल्ली में चार पैरालम्पिक पदक विजेताओं को सम्मानित किया
नई दिल्ली :- युवा मामलों और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने तोक्यो पैरालम्पिक्स में पदक जीतने वाले चार खिलाडियों-सुमित अंतिल, देवेन्द्र झाझरिया, योगेश कथुनिया और शरद कुमार को सम्मानित किया है।
आज नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में ठाकुर ने इन पदक विजेताओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इन्होंने अपने खेल से देश का नाम रोशन किया है।
ठाकुर ने कहा कि सरकार की ओर से इन खिलाडियों को हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई गई। उन्होंने विश्वास जताया के टारगेट ओलिम्पिक पोडियम स्कीम-टॉप्स को जारी रखा जाएगा और भविष्य में इसे और सुदृढ किया जाएगा।
स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने कहा कि सरकार ने उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की और खिलाडियों को प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि पैरालम्पिक्स की लोकप्रियता को बढाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाना चाहिए।
रजत पदक विजेता देवेन्द्र झाझरिया ने बताया कि उन्होंने पैरालम्पिक खेलों में पदकों की हैट्रिक लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। उन्होंने यह भी कहा कि पदकों की हैट्रिक लगाकर उन्हें बडा गौरव हो रहा है।