दिल्ली सरकार आज से स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान चरणबद्ध तरीके से खोलेगी
नई दिल्ली :- दिल्ली सरकार आज से स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान चरणबद्ध तरीके से खोलेगी। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, इस दौरान स्कूलों में अधिकतम 50 प्रतिशत उपस्थिति की अनुमति होगी।
कक्षा नवीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए स्कूल आज से खुलेंगे। छठी से आठवीं तक की कक्षाएं 8 सितंबर से खुलने की संभावना है। दिल्ली सरकार ने स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को फिर से खोलने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया जारी की है।
स्कूलों में सुबह और शाम की पारी में एक घंटे का अंतराल आवश्यक है। स्कूल और संस्थानों के प्रमुखों को यह सलाह दी गई है कि प्रवेश द्वार पर एक कर्मचारी नियुक्त किया जाना चाहिये ताकि यदि किसी छात्र या अन्य कर्मचारी में कोरोना संबंधी लक्षण पाये जाते हैं तो उन्हें परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाये।
वहीं अभिभावकों को यह सलाह दी है कि यदि कोई बच्चा किसी गंभीर बीमारी से पीडित है तो उसे स्कूल नहीं भेजना चाहिये।
