NATIONAL

कर्मचारी भविष्‍य निधि संगठन से इस वर्ष जून में 12 लाख 83 हजार नए सदस्‍य जुडे

नई दिल्ली :- इस वर्ष जून में कर्मचारी भविष्‍य निधि संगठन-ईपीएफओ के सदस्‍यों की संख्‍या में 12 लाख 83 हजार की वृद्धि हुई है। श्रम और रोजगार मंत्रालय के अनुसार, जून महीने के दौरान कोविड के कमजोर पड़ने के कारण, अप्रैल और मई की तुलना में अंशदाताओं की संख्‍या में काफी अधिक बढ़ोत्‍तरी हुई।

नए अंशदाताओं में से लगभग आठ लाख 11 हजार सदस्‍य पहली बार ईपीएफओ के सामाजिक सुरक्षा के दायरे में शामिल हुए हैं। जून महीने के दौरान ही लगभग चार लाख 73 हजार अंशदाताओं ने ईपीएफओ की सदस्‍यता छोड़ दी थी लेकिन रोजगार बदलने के साथ ही वे फिर से संगठन के सदस्‍य बन गए।

नए सदस्‍यों में से लगभग छह लाख 15 हजार अंशदाता 18 से 25 आयु वर्ग के हैं। यह जून महीने के दौरान हुई वृद्धि का 47.89 प्रतिशत है। इसी अ‍वधि में ईपीएफओ से जुड़ने वाले 29 से 35 वर्ष तक के अंशदाताओं की संख्‍या दो लाख 55 हजार रही।