प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तरप्रदेश के महोबा में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि केन्द्र सरकार की उज्ज्वला योजना से देश में महिला सशक्तिकरण को बढावा मिला है और महिलाएं राष्ट्र के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने उत्तरप्रदेश के मोहबा जिले में वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से उज्ज्वला योजना के दूसरे चरण की शुरूआत करने के अवसर पर रसोई गैस कनैक्शन वितरित किए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने उज्ज्वला योजना के दूसरे चरण के लाभार्थियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की महिलाएं सदियों से शौचालय, पीने के पानी और रसोई गैस जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जुझ रही थीं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की बेटियां तभी राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकती हैं जब उनकी बुनियादी समस्याओं का हल निकले। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बहुत सी योजनाएं शुरू की हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में उज्ज्वला योजना ने गरीबों की बहुत मदद की और उसने रसोई गैस के वितरण केन्द्रों का विस्तार करके मददगार साबित हुई। अब रसोई गैस देश की शत-प्रतिशत आबादी तक पहुंच रही है।
मोदी ने कहा कि उज्ज्वला योजना का दूसरा चरण प्रवासी कामगारों के लिए बहुत फायदेमंद होगा। रसोई गैस कनैक्शन लेना अब आसान हो गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तरप्रदेश के पचास जिलों में 21 लाख परिवारों को पाइपलाइन के जरिये रसोई गैस पहुंचाई जा रही है।
प्रधानमंत्री ने बुन्देलखंड क्षेत्र के मेजर ध्यानचंद को याद किया और कहा कि खेल रत्न पुरस्कारों का नाम बदलकर उनके नाम पर कर दिया गया है। इससे देश के खिलाडियों को प्ररेणा मिलेगी। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केन्द्र सरकार की मदद से राज्य सरकार ने बुन्देलखंड क्षेत्र में बहुत से विकास कार्य किए हैं।
योजना के दूसरे चरण में कम आय वाले परिवारों को जिनको पहले चरण में योजना का लाभ नहीं मिला उन्हें एक करोड रसोई गैस कनैक्शन दिए जायेंगे। उज्ज्वला योजना के दूसरे चरण में मुफ्त कनैक्शन, भरा हुआ सिलेंडर और गैस का चुल्हा लाभार्थियों को दिया जाएगा।
केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज मुजफ्फरनगर जिले में बायो गैस संयंत्र की शुरूआत की।
