भारत ने अगस्‍त महीने के लिए संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद का अध्‍यक्ष पद संभाला

भारत ने आज अगस्‍त महीने के लिए संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद का अध्‍यक्ष पद संभाल लिया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत संवाद और सहयोग, आपसी सम्मान और अंतरराष्ट्रीय कानून के प्रति प्रतिबद्धता के दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ा है। अपनी अध्यक्षता के दौरान भारत पारदर्शिता, विश्वसनीयता, जवाबदेही और प्रभावशीलता के सिद्धांतों के आधार पर काम करेगा।

भारत की अध्यक्षता के दौरान समुद्री सुरक्षा, शांति स्थापना और आतंकवाद से निपटने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के संस्थापक सदस्य के रूप में, भारत बहुपक्षवाद, कानून के शासन, निष्पक्ष और न्यायसंगत अंतरराष्ट्रीय प्रणाली के लिए प्रतिबद्ध है।

विदेशमंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि भारत हमेशा सयंम की आवाज, संवाद का हिमायती और अंतरराष्ट्रीय कानून का समर्थक रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत, अगस्त के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष के रूप में अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उपयोगी भूमिका निभाने के लिए उत्सुक है।

इस गौरवशाली अवसर की पूर्व संध्या पर कल अंतरराष्‍ट्रीय समुदाय को संदेश में संयुक्‍त राष्‍ट्र में भारत के स्‍थायी प्रतिनिधि तिरूमूर्ति ने भारत को मिले इस दायित्व के महत्‍व का उल्‍लेख किया और इस उच्‍च वैश्‍विक मंच के लिए देश की प्राथमिकताएं स्‍पष्‍ट कीं।

भारत को इस साल एक जनवरी को अस्थायी सदस्य के तौर पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में चुना गया था।

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारत के, अगस्त माह के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता संभालने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारत यह जिम्‍मेदारी देश के स्‍वतंत्रता दिवस के महीने में संभाल रहा है।

ठाकुर ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण अवसर है क्योंकि भारत, अपनी स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ भी मनाने जा रहा है।