ढाबाडीह बना बलौदाबाजार जिले का पहला शत प्रतिशत टीकाकरण वाला ग्राम पंचायत
बलौदाबाजार :- छत्तीसगढ़ का ग्राम ढाबाडीह बलौदाबाजार जिला का पहला शत प्रतिशत कोरोना टीकाकरण वाला ग्राम पंचायत बन गया है। यह उपलब्धि ग्राम वासियों की जागरूकता सहित विभिन्न विभागो के सामुहिक प्रयासों से हासिल की गई है।
ग्राम पंचायत ढाबाडीह बलौदाबाजार जिले के विकासखंड सिमगा के अंतर्गत आता है।
बलौदाबाजार-भाटापारा के जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ खेमराज सोनवानी ने बताया की ग्राम पंचायत ढाबाडीह में एक अन्य ग्राम देवरीडीह भी शामिल है। ग्राम देवरीडीह पूर्व में ही शत प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त कर लिया है। इसके साथ ही अब ग्राम ढाबाडीह के पूर्ण टीकाकरण से अब समूची ग्राम पंचायत टीकाकृत हो चुकी है।
उन्होंने आगे बताया कि ग्राम पंचायत का कुल टीकाकरण का लक्ष्य 763 का था, जिसमें से 656 लोगों ने टीका लगवा लिया है। इसमें से 436 ढाबाडीह के हैं और 220 देवरीडीह के निवासी है। बीएमओ ने आगे कहा कि जो शेष बचे हैं उनमें से 15 गर्भवती महिला हैं और 2 शिशुवती जबकि 90 लोग बाहर प्रवास कर गए है। पंचायत के पूर्ण टीकाकरण का यह लक्ष्य 6 दिन में प्राप्त किया गया है।
ग्राम पंचायत के पूर्ण टीकाकरण हो जाने पर सरपंच गिरधर साहू सहित समस्त ग्रामवासी प्रसन्न हैं। खंड चिकित्सा अधिकारी ने बताया की सिमगा में गाँवो में टीकाकरण को लेकर जागरूकता हेतु विभाग की टीम ग्राम स्तर पर लोगों को समझाइश दे रही है जिसमें पंचायत,राजस्व, महिला बाल विकास, शिक्षा विभाग का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। आशा है कि जल्द ही अन्य ग्राम भी शत-प्रतिशत टीकाकरण वाले हो जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की स्वास्थ्य संयोजक सरिता सिंह और मोहन लाल साहू सहित समस्त प्रशासन को लोगों ने धन्यवाद दिया है।
