केंद्र सोमवार से सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को कुल कोविड वैक्सीन का 75 प्रतिशत नि:शुल्क उपलब्ध कराएगा

नई दिल्ली :- देश में कोविड-19 टीकाकरण अभियान को गति और मजबूती देने के लिए केंद्र सरकार सोमवार से राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नि:शुल्‍क कोविड टीकों का वितरण आरंभ करेगी।

अभियान के इस चरण में कुल कोविड टीकों का 75 प्रतिशत हिस्‍सा केंद्र सरकार नि:शुल्‍क उपलब्‍ध कराएगी। इस अभियान में 18 से 44 वर्ष की आयु के व्‍यक्तियों के साथ सभी आयु वर्ग के व्‍यक्ति शामिल होंगे।

फिलहाल केंद्र सरकार कुल टीका खुराक का 50 प्रतिशत हिस्‍सा निशुल्‍क उपलब्‍ध करा रही थी। केंद्रीय औषधि प्रयोगशाला ने इसे 75 प्रतिशत बढ़ाने की अनुमति दी है। इससे सभी राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सभी लोगों को टीका दिया जा सकेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सात जून को इस संबंध में राष्‍ट्र के नाम संबोधन में घोषणा की थी।

इस नीति के शुरू होने के बाद राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों को टीका खरीद के लिए कोई भुगतान नहीं करना होगा और सारा व्‍यय केंद्र सरकार वहन करेगी। शुरूआती अनुमानों के अनुसार नई नीति के कारण केंद्र सरकार पर 15 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्‍त भार पड़ेगा। पहले टीकाकरण के लिए 35 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे।

केंद्र सरकार कोविड टीका की खरीद पर पांच प्रतिशत वस्‍तु एवं सेवा कर – जी एस टी का भी भुगतान करेगी। इससे यह टीका सभी लोगों को नि:‍शुल्‍क उपलब्‍ध हो सकेगा।