दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तरी अरब सागर के कुछ हिस्सों और दक्षिण गुजरात, दक्षिण मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया

नई दिल्ली :- दक्षिण पश्चिम मानसून आज उत्तरी अरब सागर के कुछ हिस्सों और दक्षिण गुजरात, दक्षिण मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है।

मौसम विज्ञान विभाग के राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार दक्षिण पश्चिम मॉनसून आज बंगाल की उत्तरी खाड़ी के अधिकांश हिस्सों और पश्चिम बंगाल के अधिकतर हिस्सों में आगे बढ़ गया है।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 48 घंटों के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के शेष भागों, पूरे पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों तथा बंगाल की उत्तरी खाड़ी के शेष भागों में मानसून के आगे बढ़ने की प्रबल सम्‍भावनाएं हैं।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून, दक्षिण राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र के बाहर देश के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।