रेलवे ने महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश और दिल्ली में 664 मीट्रिक टन से अधिक तरल चिकित्सा ऑक्सीजन की आपूर्ति की
नई दिल्ली :- रेलवे ने महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश और दिल्ली में 664 मीट्रिक टन से अधिक तरल चिकित्सा ऑक्सीजन की आपूर्ति की है।
रेल मंत्रालय ने कहा कि महाराष्ट्र को 174 मीट्रिक टन तरल चिकित्सा ऑक्सीजन की आपूर्ति की गयी। उत्तर प्रदेश को 356 टन से अधिक, मध्य प्रदेश को 47 टन से अधिक और दिल्ली को 70 टन से तरल चिकित्सा ऑक्सीजन की आपूर्ति की गयी।
हरियाणा और तेलंगाना में शीघ्र ही ऑक्सीजन एक्सप्रेस पहुंचने लगेगी। रेलवे निरंतर ऑक्सीजन एक्सप्रेस के जरिये अनेक लोगो की जान बचा रही है। राज्य सरकारों के आग्रह के आधार पर रेलवे और भी ऑक्सीजन एक्सप्रेस चलाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
मध्य प्रदेश, बोकारो से आ रही 47 टन तरल चिकित्सा ऑक्सीजन प्राप्त करेगा। यह ऑक्सीजन राज्य की दूसरी ऑक्सीजन एक्सप्रेस के जरिये सागर और जबलपुर में आज आयेगी।
हरियाणा में पहली और दूसरी ऑक्सीजन एक्सप्रेस शीघ्र ही पहुंच जायेगी। इनमे से एक ऑक्सीजन एक्सप्रेस मालगाडी राऊरकेला से आ रही है जिसमें 47 टन से अधिक ऑक्सीजन है। दूसरी ऑक्सीजन एक्सप्रेस में 32 टन तरल ऑक्सीजन अंगुल से लायी जा रही है। इन मालगाडि़यों से हरियाणा के लोगों को सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से अत्यधिक जरूरी ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सकेगी।
उत्तर प्रदेश में ऑक्सीजन एक्सप्रेस के जरिये तरल चिकित्सा ऑक्सीजन की आपूर्ति निरंतर बढायी जा रही है। राज्य के लिए सातवीं ऑक्सीजन एक्सप्रेस शीघ्र ही बोकारो से रवाना होने की संभावना है। इसमें तरल चिकित्सा ऑक्सीजन के तीन टैंकर हैं।
