आज लोक सेवा दिवस है
नई दिल्ली :- आज लोक सेवा दिवस है। जनसेवा में स्वयं को समर्पित करने के लिए सिविल सेवाएं हर वर्ष यह दिवस मनाती है। यह दिवस बदलते समय की चुनौतियों से निपटने और भविष्य की रणनीति तय करने का अद्भुत अवसर प्रदान करता है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लोक सेवा दिवस के अवसर पर अधिकारियों को बधाई दी है। एक ट्वीट में राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा अधिकारी तंत्र काफी मजबूती है और कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में हमारे अधिकारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लोक सेवा के अधिकारियों ने लोक सेवा के क्षेत्र में पेशेवर तरीके से उत्कृष्टता बढ़ाई है।
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु ने लोक सेवा दिवस के अवसर पर लोक सेवकों को बधाई दी है। श्री नायडु ने एक ट्वीट में कहा कि 1947 में आज ही के दिन सरदार पटेल ने लोकसेवकों को भारत के स्टीलफ्रेम की संज्ञा दी थी। उप राष्ट्रपति ने ऐसे अनेक लोकसेवकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की, जिन्होंने देश में सुशासन पर अमिट छाप छोड़ी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज लोक सेवा दिवस के अवसर पर सिविल सेवा के अधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं। एक ट्वीट में मोदी ने कहा कि लोक सेवा अधिकारी देश के विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हुए नागरिकों की सेवा तथा राष्ट्रीय प्रगति के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह और कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने भी लोक सेवा दिवस के अवसर पर लोकसेवकों को शुभकामनाएं दी हैं। एक ट्वीट में डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र कोरोना के खिलाफ विश्व में सबसे अग्रणी है और इसमें सिविल सेवाओं का महत्वपूर्ण योगदान है।
कैबिनेट सचिव ने अपने संदेश में कोविड-19 महामारी के खिलाफ संघर्ष में लोक सेवकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने लोक सेवकों से अपील की कि वे महामारी के खिलाफ संघर्ष जारी रखें और लोगों के जीवन में सुधार के लिए सुशासन को साझा लक्ष्य बनाने की दिशा में काम करें।
