जिले के 75 हजार 217 पंजीकृत सभी किसानों से होगी धान खरीदी दो दिनों में जिले में 3 हजार 600 किसानों से लगभग 1 लाख 29 हजार क्विंटल धान की खरीदी

जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी

गरियाबंद, 03 दिसम्बर 2020/ राज्य शासन के निर्देश पर जिले के 76 धान खरीदी केन्द्रो में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू हो गई है।

जिले में धान खरीदी के दूसरे दिन बुधवार तक 3 हजार 676 किसानों से 24 करोड़ 23 लाख 96 हजार रूपये के 1 लाख 29 हजार क्विंटल धान की खरीदी की गई है।

खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीदे गये धान में 40 हजार 858 क्विंटल मोटा धान, 44 हजार 964 क्विंटल पतला धान तथा 43 हजार 458 क्विंटल सरना धान शामिल है। सभी उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है।

कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सहित सभी नोडल अधिकारी उपार्जन केन्द्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।

कलेक्टर ने सभी पंजीकृत किसानों को आश्वस्त किया है कि समय सीमा में सभी किसानों का धान खरीदा जायेगा।

कलेक्टर क्षीरसागर ने सभी किसानों से अपील करते हुए कहा कि सभी किसानों से धान खरीदी आसानी किया जा सके इसके लिए जिले के सभी 76 धान खरीदी केंद्रों में किसानों को टोकन जारी करने की व्यवस्था बनाई गई है।  पंजीकृत किसान धान खरीदी के लिए बनाई गई इस व्यवस्था का पालन कर अपने निर्धारित तिथियों में टोकन प्राप्त कर सकते है।

उन्होंने कहा कि अगर किसी पंजीकृत किसानों को धान बेचने में यहाँ उनके पंजीयन संबधित किसी भी प्रकार की कोई समस्या आ रही है, ऐसी स्थिति में संबंधित तहसील कार्यालय में आवेदन कर सकते है। हर संभव किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधा और उपार्जन केन्द्रों की दूरी को कम करने के उद्देश्य से 14 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए है। जहां पहली बार खरीदी हो रही है।
कलेक्टर ने गुरूवार को राजिम और कोमा उपार्जन केन्द्र का किया निरीक्षण

कलेक्टर निलेश क्षीरसागर जिले में धान खरीदी को लेकर लगातार उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण कर जायजा ले रहे हैं। वे उपार्जन केन्द्रों में धान बेचने पहुंचे किसानो से जानकारी लेकर समस्याओं का त्वरित समाधान भी कर रहे है।

धान खरीदी के तीसरे दिन आज वे राजिम कृषि उपज मंडी के उपार्जन केन्द्र और कोमा उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने धान खरीदी प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। इन केन्द्रों में बारदानों में लगे स्टेंसिल का अवलोकन किया। साथ ही स्टेकिंग की जानकारी भी ली।

कलेक्टर ने किसानों से बातचीत करते हुए धान खरीदी की जानकारी ली। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी जी.डी.वाहिले, तहसीलदार ओ.पी. वर्मा एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।