कलेक्टर ने महाराष्ट्र सीमा से लगे धान खरीदी केन्द्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण

धान खरीदी केन्द्र पनियाजोब में ड्रेनेज व्यवस्था में लापरवाही करने पर समिति प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के दिए निर्देश

धान की बोरी की तौलाई कर की जांच

राजनांदगांव 02 दिसम्बर 2020/, कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने धान खरीदी के पहले ही दिन देर रात 9 बजे से डोंगरगढ़ विकासखंड के महाराष्ट्र सीमा से लगे धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

उन्होंने ग्राम चारभाठा, बागरेकसा, बोरतलाव एवं पनियाजोब के धान खरीदी केन्द्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर वर्मा ने धान खरीदी केन्द्र पनियाजोब का निरीक्षण किया और यहां ड्रेनेज व्यवस्था में लापरवाही देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जाहिर की।

उन्होंने निर्धारित मापदण्डों का पालन नहीं करने एवं कार्य में लापरवाही करने पर समिति प्रबंधक भीखमचंद जैन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ड्रेनेज दो लेयर में लगे होना चाहिए, ताकि धान को नमी से बचाया जा सके। ऐसे महत्वपूर्ण कार्य में कोताही नहीं होना चाहिए।

कलेक्टर वर्मा ने धान खरीदी केन्द्रों में किसानों से खरीदे धान की तौलाई कराकर नापतौल तथा धान की गुणवत्ता की भी जांच की। खरीदी केन्द्रों में लाइट की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

कलेक्टर ने कहा कि धान की स्टेकिंग निर्धारित मापदण्ड के अनुसार होनी चाहिए। जिससे उसका भौतिक सत्यापन आसानी से किया जा सके। स्टेकिंग पूरा होने के बाद उसकी संख्या लिखकर चस्पा किया जाना चाहिए। स्टेकिंग करने के पहले दो लेयर ड्रेनेज बनाया जाए और इसके चारो तरफ छोटी नाली हो जिससे पानी से धान को बचाया जा सके।

उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में बारदाने, टोकन, पेयजल, किसानों के लिए अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। वहां कम्प्यूटर कक्ष में रखे हुए नमी मापक यंत्र तथा धान के सैम्पल का भी अवलोकन किया।

उन्होंने बोरतालाव धान खरीदी केन्द्र में प्रतिदिन खरीदी हुए धान की बोरे को सिलाई करके स्टेकिंग करने के निर्देश दिए।

मौके पर एसडीएम डोंगरगढ़ अविनाश भोई, जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक मर्यादित महाप्रबंधक सुनील वर्मा, जिला विपणन अधिकारी सौरभ भारद्वाज, एसडीओपी चंदे्रश ठाकुर, सहायक खाद्य अधिकारी मनीष चेतले, प्रभारी तहसीलदार प्रीति लारोकर, नायब तहसीलदार मनीषा देवांगन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।