राष्ट्रपति ने गुरु नानक देव जी की जयंती की पूर्व संध्या पर भारत और विदेशों में रहने वाले सभी नागरिकों, विशेषकर सिख समुदाय को शुभकामनाएं दी
नई दिल्ली :- राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरु नानक देव जी की जयंती की पूर्व संध्या पर भारत और विदेशों में रहने वाले सभी नागरिकों, विशेषकर सिख समुदाय के भाइयों और बहनों को शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति कोविंद ने अपने संदेश में कहा है कि गुरु नानक देव का जीवन और शिक्षाएं सभी मनुष्यों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने सभी को एकता, सद्भाव, बंधुत्व तथा सेवा का रास्ता दिखाया और कड़ी मेहनत, ईमानदारी तथा आत्म-सम्मान के आधार पर जीवन शैली का दर्शन प्रस्तुत किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव ने अपने अनुयायियों को एक ओंकार का मूल मंत्र दिया और जाति, पंथ और लिंग के आधार पर बिना भेदभाव किए सभी मनुष्यों के साथ समान व्यवहार करने पर बल दिया।
राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि गुरू नानक जी के संदेश नाम जपो, किरत करो और वंड छको में उनके सभी उपदेशों का सार है।
राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव की जयंती के पावन अवसर पर हमें उनकी शिक्षाओं का अनुसरण करने और उन्हें आचरण में लाने का स्वयं संकल्प लेना चाहिए।
