नीतीश कुमार का शपथ ग्रहण समारोह शाम साढ़े चार बजे राजभवन में

पटना:- बिहार में आज नीतीश कुमार सातवीं बार राज्‍य के मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम साढ़े चार बजे राजभवन में आयोजित किया जाएगा। भाजपा राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पटना पहुंच रहे हैं।

नीतीश कुमार को कल सर्वसम्मति से राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए का नेता चुना गया था। बाद में श्री नीतीश कुमार और भाजपा की बिहार शाखा के अध्यक्ष संजय जायसवाल और अन्य नेताओं ने राज्‍यपाल फागू चौहान से भेंट की और राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल को एन.डी.ए. के सभी घटक दलों- भारतीय जनता पार्टी, जनता दल युनाइटेड, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और विकासशील इंसान पार्टी के समर्थन पत्र सौंपे गए।

राज्‍य में इस बार दो उपमुख्‍यमंत्री भी होंगे। भारतीय जनता पार्टी विधायक दल नेता तारकिशोर प्रसाद और उप नेता रेणु देवी को उप-मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया गया है। नीतीश कुमार और बिहार भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष भूपेंद्र यादव तथा बिहार चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस के बीच नीतीश कुमार के आवास पर हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है।

हमारे संवाददाता ने बताया है कि सभी की निगाहें राज्‍य के मंत्रिमंडल और मंत्रियों को मिलने वाले विभागों की ओर लगी हुई है।

नीतीश कुमार ने भाजपा और जनता दल यूनाइटेड के नेताओं के साथ संभावित मंत्रिमंडल के आकार के बारे में बातचीत की। राज्‍य में मंत्रिमंडल में 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं। यह विधानसभा की 243 सीटों का 15 प्रतिशत है। 43 विधायकों वाले जनता दल यूनाइटेड के 22 मंत्री बनाए जा सकते हैं, जबकि 74 विधायकों वाली भाजपा को 18 मंत्री मिल सकते हैं। एन डी ए के घटक हिन्‍दुस्‍तानी अवाम मोर्चा और विकासशील इंसान पार्टी का एक-एक मंत्री होगा। नये मंत्रिमंडल में भाजपा और जनता दल यूनाइटेड के कुछ नये चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल किए जा सकते हैं। विधानसभा अध्‍यक्ष का चुनाव तथा अन्‍य मुद्दों पर भी एन डी ए के घटकों के बीच बातचीत चल रही है।

एनडीए ने हाल में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में 125 सीटें जीत कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है।