जानेमाने वायलिन वादक टी एन कृष्णन का निधन
नई दिल्ली:- उपराष्ट्रपति एम0 वेंकैया नायडू ने प्रसिद्ध वायलिन वादक टी एन कृष्णन के निधन पर दुख व्यक्त किया है। श्री नायडू ने एक ट्वीट में कहा है कि उनके निधन से संगीत की दुनिया में विशेष रूप से कर्नाटक संगीत के लिए एक बड़ी क्षति हुई है। उपराष्ट्रपति ने कहा है कि दिवंगत श्री कृष्णन ने दशकों से दर्शकों को अपने संगीत से मंत्रमुग्ध किया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जानेमाने वायलिन वादक टी एन कृष्णन के देहान्त पर शोक व्यक्त किया है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि उनके निधन से संगीत के क्षेत्र में एक अपूरणीय क्षति हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके संगीत में भावनाओं और संस्कृति का अदभुत समागम था। उन्होंने कहा कि टी एन कृष्णन युवा संगीतकारों के लिए एक प्रेरणा स्रोत थे।
गृहमंत्री अमित शाह ने भी टी0 एन0 कृष्णन के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एक प्रतिभाशाली संगीतकार के रूप में टी एन कृष्णन ने अपनी धुनों से कई पीढियों को प्रेरित किया है।
