सातवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कल देशभर के उच्च शिक्षा संस्थानों में भी मनाया जाएगा
नई दिल्ली :- सातवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कल देशभर के उच्च शिक्षा संस्थानों में भी मनाया जाएगा। इस वर्ष का विषय है – योग के साथ रहें, घर पर रहें’। इस विषय का चयन लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, घर पर रहने तथा व्यायाम और योग को अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से किया गया है।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को परामर्श जारी किए हैं ताकि विद्यार्थी, अध्यापक, अधिकारी और कर्मचारी 45 मिनट के साझा योग नवाचार में शामिल हो सकें।
आयोग ने अपने परामर्श में कहा है कि सभी योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए ऑनलाइन संकल्प लें ताकि प्रतिरोधक क्षमता बढ़े और तनाव से मुक्ति मिल सके। इस अवसर पर डिजिटल और सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग करने और बी विद योगा, बी एट होम हैशटैग का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
योग दिवस पर आयोजन के लिए आयोग अपने अंतर-विश्वविद्यालय योग विज्ञान केंद्र के माध्यम से 40 विश्वविद्यालयों से प्राप्त प्रस्तावों का समर्थन कर रहा है। आयोग ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विश्वविद्यालय स्तर पर कई वेबिनारों के आयोजन की भी योजना बनाई है।
