45 प्लस आयु वर्ग के 64 प्रतिशत लोगों को पहले डोज का टीका लगा

45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 78 हजार लोगों को लग चुका है टीका
जिले में टीकाकरण अभियान ने रफ्तार पकड़ी
जिले में अब तक एक लाख से अधिक टेस्टिंग

गरियाबंद :- जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी टीकाकरण अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। 01 अप्रैल से  45 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों का टीकाकरण तीव्रता के साथ जारी है। साथ ही कोविड टेस्टिंग भी बड़े पैमाने में किया जा रहा है।

जिले में इस वर्ग के एक लाख 26 हजार 500 नागरिकों को टीका लगाये जाने का लक्ष्य है। लक्ष्य के अनुरूप 45 प्लस आयु वर्ग के 78 हजार 430 लोगों को प्रथम डोज और 1539 लोगों को द्वितीय डोज लग चुका है।

11 अप्रैल की स्थिति में कुल 87 हजार 365 लोगों को पहले डोज का टीका लग चुका है। जो  कुल लक्ष्य का 64 प्रतिशत है। वहीं 10 प्रतिशत लोगों को अर्थात 08 हजार 402 लोगों को दूसरा डोज भी पूर्ण हो चुका है।

कलेक्टर के निर्देश पर संक्रमण से बचाव के लिए टेस्टिंग की संख्या भी बढ़ा दी गई है। अभी तक एक लाख 11 हजार 861 सैम्पल कलेक्ट किये गए है। जिनमें से 6 हजार 138 पॉजिटिव केस मिले है। जिले में कोरोना टेस्टिंग के लिए आर.टी.पीसीआर, एंटीजन एवं  ट्रूनाट की व्यवस्था है।

कलेक्टर क्षीरसागर ने आम नागरिकों से प्राथमिकता के आधार पर टीका लगवाने, मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों को पालन करते हुए कोरोना के संक्रमण से बचाव हेतु टेस्ट कराने  अपील किया है। वहीं समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पात्रता के अनुसार अनिवार्य रूप से टीकाकरण और कोरोना टेस्ट कराने के निर्देश दिये है।

जिले में 73 सेशन साइट में टीकाकरण हेतु समुचित इंतजाम किया गया है। ज्ञात है कि पूर्व में सेशन साइट की संख्या 30 तक ही सीमित था, जिसे बढ़ाकर 73 कर दिया गया है। टीकाकरण केन्द्रों मे 45 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक उत्साह के साथ टीका लगवा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक जिले के कुल 827 सेशन साइट के माध्यम से टीकाकरण किया गया है।

16 जनवरी से प्रारंभ हुए प्रथम टीकाकरण अभियान में 5 हजार 860 हेल्थ केयर वर्कर को पहला डोज और इनमें से 4 हजार 804 वर्कर को दूसरा डोज का टीका भी लग चुका है। इसी तरह 06 फरवरी से प्रारंभ हुए द्वितीय चरण में 3 हजार 75 फ्रंटलाइन वर्कर को पहला डोज और 2 हजार 59 फ्रंटलाइन वर्कर को टीका का दूसरा डोज पूर्ण हो चुका है।

विकासखंडवार आंकड़ो के अनुसार सबसे अधिक फिंगेश्वर विकासखंड में टीकाकरण किया गया है। यहां प्रथम डोज में 24554 और द्वितीय डोज में 1933 लोगों को टीका लग चुका है।

छुरा विकासखंड में 22 हजार 875 लोगों को प्रथम डोज और 1 हजार 875 लोगों को द्वितीय डोज लग चुका है। गरियाबंद विकासखंड में प्रथम डोज में 21298 और द्वितीय डोज में 2228, मैनपुर विकासखंड में प्रथम डोज में 11911 और द्वितीय डोज में 1673 एवं देवभोग विकासखंड में प्रथम डोज में 6702 एवं द्वितीय डोज में 693 लोगों को टीकाकरण किया गया है।