HomeUncategorizedअरपा नदी में डूबने से 3 बहनों की मौत, रेत के अवैध...

अरपा नदी में डूबने से 3 बहनों की मौत, रेत के अवैध खनन से नदी में बनी खाई

बिलासपुर। अरपा नदी में नहाने गई तीन बहनों की डूबने से मौत हो गई। अवैध उत्खनन से बनी खाई में डूबने से तीनों की जान चली गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे में चक्काजाम कर दिया है। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है।

सेंदरी की रहने वाली पूजा पटेल (18) अपनी छोटी बहन रितू पटेल (14) व चचेरी बहन धनेश्वरी पटेल (11) सोमवार की सुबह घर से अरपा नदी नहाने गई थीं। तीनों बहनें सेंदरी रेत घाट के पास नहा रही थीं। तभी अचानक धनेश्वरी गहरे पानी में चली गई। जिसे बचाने के चक्कर में रितु और पूजा भी गहराई में समा गईं।

हादसे की जानकारी आसपास के लोगों को हुई, तब उन्होंने बच्चियों की तलाश शुरू की। लेकिन, उनका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस के साथ ही SDRF की टीम को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने तीनों बच्चियों के शव को बरामद कर लिया है।

इस हादसे की खबर मिलते ही गांव के लोगों की भीड़ नदी के पास पहुंच गई। दरअसल, नदी में अवैध रेत उत्खनन के चलते जगह-जगह बड़े-बड़े गड्‌ढे और खाई है। बारिश में खाई में पानी भर गया है। ऐसे में लोगों को गहराई का अंदाजा नहीं रहता है। कहा जा रहा है कि अवैध खुदाई की वजह से बच्चियों की जान गई है। नाराज लोगों ने बिलासपुर- कोरबा नेशनल हाईवे में सड़क जाम कर दिया है। स्थानीय लोग खनिज विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ ही अवैध उत्खनन के दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। चक्काजाम की जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ ही जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments