थाईलैंड से 15 ऑक्सीजन कंसेट्रेटर आज दिल्ली पहुँच गए
नई दिल्ली :- कोविड के खिलाफ संघर्ष में भारत को सहायता के रूप में थाईलैंड से 15 ऑक्सीजन कंसेट्रेटर आज दिल्ली पहुंच गए। भारत ने आसियान देशों के अपने सहयोगियों की ऑक्सीजन कंसेट्रेटर की मदद का स्वागत किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिन्दम बागची ने थाईलैंड में भारतीय समुदाय के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है जिन्होंने इसके अलावा उदारतापूर्वक 15 अन्य ऑक्सीजन कंसेट्रेटर दान किए हैं।
सूत्रों ने बताया है कि थाईलैंड के प्रधानमंत्री प्रायुथ चान ओ चा ने विदेश मंत्रालय के माध्यम से भारत को सहायता देने की इच्छा व्यक्त की। भारत ने सिलेन्डरों, कंसेट्रेटरों, जनरेटर और क्रायोजनिक ऑक्सीजन टैंक जैसे ऑक्सीजन से जुडे उपकरणों की आवश्यकता बताई। इस बीच, थाईलैंड में भारतीय दूतावास और गृह मंत्रालय के समन्वय से भारतीय कंपनियों ने थाईलैंड से क्रायोजनिक टैंक की व्यवस्था की।
वायुसेना के सी-17 विमानों से 11 टैंक पहले ही भारत पहले पहुंच चुके है। इसके अलावा थाईलैंड में भारतीय ऐसोसिएशन ने सौ ऑक्सीजन सिलेंडर अलग से देने की पेशकश की है। इन उपकरणों को भारत शीघ्र लाने के उपाय किए जा रहे हैं।
