12वां राष्‍ट्रीय मतदाता दिवस आज मनाया जाएगा

नई दिल्ली :- 12वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस आज मनाया जाएगा। मतदाता दिवस का इस वर्ष का मुख्य विषय है – चुनावों को समावेशी, सुगम और सहभागी बनाना। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू होंगे।

उपराष्ट्रपति के व्यक्तिगत रूप से समारोह में शामिल होने में असमर्थ रहने के कारण उनका संदेश वर्चुअल माध्यम से समप्रेषित किया जाएगा। विधि और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू समारोह में विशिष्ट अतिथि होंगे।

इस अवसर पर वर्ष 2021-22 के लिए सर्वश्रेष्ठ चुनावी प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार तथा राज्य और जिला स्तर के अधिकारियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें विभिन्न क्षेत्रों जैसे आईटी पहल, सुरक्षा प्रबंधन, चुनाव प्रबंधन, सुलभ बनाने  में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार दिए जाएंगे। सरकारी विभागों, ईसीआई आइकन और मीडिया समूहों जैसे महत्वपूर्ण पक्षों को मतदाता जागरूकता के प्रति उनके बहुमूल्य योगदान के लिए भी राष्ट्रीय पुरस्कार दिए जाएंगे।

समारोह में नए मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा और उन्हें मतदाता फोटो पहचान पत्र सौंपा जाएगा। आयोग ने हाल ही में एक व्यक्तिगत पत्र और एक मतदाता गाइडबुक के साथ नए नामांकित मतदाताओं को फ़ोटो मतदाता पहचान पत्र देने के लिए एक नई पहल शुरू की है।

इस अवसर पर चुनाव आयोग का प्रकाशन लीप ऑफ फेथ,जर्नी ऑफ इंडियन इलेक्शन का विमोचन किया जाएगा। एक अन्य प्रकाशन ‘वोट देने का संकल्प – भारत में राष्ट्रीय मतदाता दिवस की एक दशक की यात्रा’ का भी विमोचन किया जाएगा।

विधानसभा चुनाव 2022 के लिए रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से हर वोट के महत्व को दोहराने के लिए सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता- ‘मेरा वोट मेरा भविष्य है- एक वोट की शक्ति’ भी शुरू की जाएगी। गीत, नारा, प्रश्नोत्तरी, वीडियो मेकिंग और पोस्टर डिजाइन के क्षेत्र भी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र भी दिये जायेंगे।

निर्वाचन आयोग 2011 से हर वर्ष 25 जनवरी को अपने स्थापना दिवस के अवसर को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मना रहा है।