HomeNATIONAL1 चिता और 2 शव... पत्नी की मौत के बाद पति ने...

1 चिता और 2 शव… पत्नी की मौत के बाद पति ने तोड़ा दम, पढ़ें पूरी खबर

उत्तरप्रदेश के झांसी से मार्मिक और दुखद घटना सामने आया है। दरअसल, बघौरा गांव में चेकडैम के पानी में डूबने से एक किसान की मौत हो गई। परिजनों ने 11 घंटे बाद उसकी मौत की सूचना पत्नी को दी। सूचना मिलने के 2 घंटे के अंदर ही पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। दोनों एक-दूसरे को बहुत चाहते थे। परिवार में एक साथ दो लोगों की मौत से परिजनों के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट गया है। पति के शव का झांसी मेडिकल कॉलेज में पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।

बबीना थाना क्षेत्र के बघौरा गांव में रहने वाले उधम सिंह ने बताया कि उनका भतीजा प्रीतम राजपूत (उम्र 50 साल) खेती बाड़ी करता था। रविवार को वो रोजाना की तरह भैंस लेकर खेत पर गया था। बारिश के मौसम में खेत के रास्ते पर बघौरा चेकडैम का पानी आ जाता है। इससे प्रीतम को पानी में होकर खेत का रास्ता तय करना पड़ता था। जब प्रीतम खेत पर गया तो पानी का स्तर कम था, लेकिन आसपास के इलाकों में हुई बारिश से पानी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इस बात से प्रीतम अनजान था। शाम को लौटते समय वह चेकडैम के पानी में डूब गया। काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं आया तो परिजन उसकी तलाश करने गए। तब चेकडैम के किनारे उनकी चप्पल मिली। इस पर पुलिस को सूचना दी गई।

मृतक के चाचा उधम सिंह के मुताबिक प्रीतम की चप्पल मिलने के बाद नाव लेकर उसकी तलाश शुरू की गई। पानी में कांटा डाला गया। करीब 3 घंटे की तलाश के बाद कांटा में फंसकर लाश ऊपर आ गई। प्रीतम का शव चेकडैम से रात 10 बजे के करीब बाहर निकाला गया। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर रात को झांसी मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्युरी में रखवाया। छोटे भाई इमरत ने बताया कि बड़े भाई प्रीतम की पत्नी गीता (उम्र 47 साल) बीमार रहती थी। इसलिए रविवार रात को घर की महिलाओं को मौत की सूचना नहीं दी गई। जब सुबह करीब 9 बजे पोस्टमॉर्टम के लिए रवाना होने लगे तो भाभी गीता को प्रीतम की खबर दी गई।

पति की मौत की खबर सुनते ही वह सन्न रह गई। 2 घंटे बाद उसकी भी सांस थम गई। दोनों एक दूसरे को बहुत ही ज्यादा प्यार करते थे। परिजन के मुताबिक गीता पति को खाना खिलाने के बाद ही भोजन करती थी। दोनों के 3 बच्चे बेटा मान सिंह और दो बेटी छाया और सविता है। उनकी शादी हो चुकी है। वहीं जो भी इस खबर को सुन रहा है वो दोनों के लिए दुख जता रहा है। लोगों का कहना है कि आज-कल शादी के कई साल बाद भी लोग तलाक लेकर अलग हो जा रहे हैं, लेकिन प्रीतम और गीता को मौत भी अलग नहीं कर पाई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments